
संत त्रिलोचन दर्शन दास महाराज होंगे मुख्य निर्णायक; भुवन्यु शर्मा निभाएंगे विशेष निर्णायक की भूमिका; मिस इंडिया एवं फिल्म अभिनेत्री सिमरन आहूजा बनीं ब्रांड एम्बेसडर
नई दिल्ली, 26 सितंबर 2026:
दिल्ली-एनसीआर की रामलीलाओं के उत्कृष्ट मंचन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और रामलीला आयोजकों के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से मीडिया प्रेस क्लब द्वारा ‘रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। पुरस्कार के लिए इच्छुक रामलीला आयोजक 6 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
मीडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक लालवानी ने प्रेस वार्ता में रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 की घोषणा करते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दिल्ली-एनसीआर की उत्कृष्ट रामलीलाओं को उनके प्रभावशाली मंचन और समग्र आयोजन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मिस इंडिया एवं फिल्म अभिनेत्री सिमरन आहूजा को रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। वह चयनित रामलीलाओं का स्वयं अवलोकन करेंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रामलीलाओं को सम्मानित भी करेंगी।
मीडिया प्रेस क्लब के महासचिव श्री मोहम्मद जोशी ने बताया कि पुरस्कार में भाग लेने के इच्छुक रामलीला आयोजक 6 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार की चयन प्रक्रिया में रामलीला के मंचन के साथ-साथ आयोजन की समग्र व्यवस्था, प्रस्तुति, दर्शकों की सहभागिता और रामलीला के प्रति उनके भाव सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष संत त्रिलोचन दर्शन दास महाराज रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के मुख्य निर्णायक होंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्रत्येक भाग लेने वाली रामलीला का प्रारंभिक स्तर पर एक निर्णायक द्वारा अवलोकन किया जाएगा। निर्णायक अपने परिवार अथवा मित्रों के साथ रामलीला स्थल पर पहुंचकर मंचन, आयोजन की व्यवस्था, प्रस्तुति तथा दर्शकों की सहभागिता सहित विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण करेंगे और अपनी राय मुख्य निर्णायक समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
प्रारंभिक अवलोकन के आधार पर प्रत्येक जिले की छह उत्कृष्ट रामलीलाओं का चयन किया जाएगा। इन चयनित रामलीलाओं का 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच दो निर्णायकों द्वारा विस्तृत अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद निर्णायक अपने आकलन के आधार पर अपनी राय और निर्णय मुख्य निर्णायक समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
16 अक्टूबर 2026 को भुवन्यु शर्मा किसी एक चयनित रामलीला के लिए विशेष निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ पत्रकारों, प्रायोजकों और अन्य गणमान्य अतिथियों के परिवार भी उस रामलीला का अवलोकन करेंगे और अपनी राय विशेष निर्णायक के साथ साझा करेंगे।
रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के अंतर्गत प्रत्येक जिले की प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रामलीला तथा दिल्ली-एनसीआर स्तर पर चयनित प्रथम एवं द्वितीय रामलीला के नामों की घोषणा 17 अक्टूबर 2026 की दोपहर तक प्रेस के माध्यम से की जाएगी। इसके बाद उसी दिन से संबंधित विजेता रामलीलाओं के मंच पर जाकर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के सलाहकार एवं सिंधु समाज दिल्ली के अध्यक्ष श्री जगदीश नागरानी तथा महासचिव श्री नरेश बेलनी ने भी आयोजन को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने रामलीला को भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए ऐसे आयोजनों के माध्यम से इसके संरक्षण और प्रोत्साहन के महत्व पर जोर दिया।
रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के प्रायोजकों की ओर से डेकोरा की अध्यक्षा श्रीमती शिखा मिश्रा तथा SkinDx Biocuticals के CEO डॉ. आशीष जोशी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और आयोजन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर की रामलीला परंपरा को सम्मान देना, उत्कृष्ट मंचन और आयोजन को प्रोत्साहित करना तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में योगदान देने वाले रामलीला आयोजकों, कलाकारों और इससे जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन करना है।
