सम्पूर्ण रामायण में रावण ने किया सीता हरण, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रज्वलित की ज्योति

Shailender Kr Pandey

सनातन प्रचार ट्रस्ट के आयोजन में उमड़े हजारों श्रद्धालु; संस्कृति कला संगम के कलाकारों ने लाइट, साउंड और संगीत के संयोजन से प्रस्तुत किया भव्य मंचन

नई दिल्ली। पश्चिम एन्क्लेव, पीतमपुरा स्थित रामलीला मैदान में सनातन प्रचार ट्रस्ट (रजि.) की ओर से 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित ‘सम्पूर्ण रामायण’ में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने रामलीला की ज्योति प्रज्वलित कर किया। उनके आगमन और ज्योति प्रज्वलन के साथ ही आयोजन का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर संस्कृति, भक्ति और भारतीय परंपराओं से ओतप्रोत रामलीला का भव्य मंचन किया गया। संस्कृति कला संगम के कलाकारों ने लगभग तीन घंटे का लाइट, साउंड और संगीत आधारित नाट्य प्रदर्शन प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपने अभिनय और मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।

मंचन के दौरान रावण द्वारा माता सीता के हरण का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दृश्य को कलाकारों ने अभिनय, संगीत और प्रकाश संयोजन के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आयोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में सनातन प्रचार ट्रस्ट (रजि.) के महासचिव धीरज गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में वातानुकूलित ऑडिटोरियम और एसी फूड कोर्ट की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही पूरे पंडाल को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया था।

प्रेस वार्ता के दौरान धीरज गोयल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि रामलीला के बाद 17 से 19 अक्टूबर तक भव्य डांडिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लोकप्रिय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इस अवसर पर अशोक जिंदल, दीपक कुमार, अभय गुप्ता महाजन, भीमसेन और दीपक अग्रवाल सहित सनातन प्रचार ट्रस्ट के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।